Will bamboo be planted along expressways in Uttarakhand? Major proposal sent to NHAI.
उत्तराखंड बांस एवं रेशा विकास परिषद ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को एक्सप्रेसवे और हाईवे के किनारे स्थानीय प्रजाति के बांस लगाने का प्रस्ताव भेजा है। इसका उद्देश्य बारिश के दौरान मिट्टी के कटाव और भूस्खलन के खतरे को कम करना है।
परिषद का कहना है कि बांस के पौधे दो से तीन साल में मिट्टी पर मजबूत पकड़ बना लेते हैं, जिससे तेज बारिश में भी सड़क किनारे की जमीन सुरक्षित रहती है। इससे सड़क धंसने और दुर्घटनाओं के जोखिम को भी कम किया जा सकता है। बांस के घने झुरमुट वाहनों के तेज शोर को कम करने और पर्यावरण को स्वच्छ बनाने में भी मददगार माने जाते हैं।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी मीनाक्षी जोशी के अनुसार, बांस को “ग्रीन गोल्ड” कहा जाता है क्योंकि यह अन्य पौधों की तुलना में अधिक ऑक्सीजन देता है, कटने के बाद तेजी से दोबारा उगता है और एक बार लगाने पर 50 से 100 वर्षों तक उपयोगी रहता है। उन्होंने कहा कि यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
