A three-tier committee will be formed for transparency in PM-Shri schools, students will get the money through DBT by September 15
देहरादून। विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने माध्यमिक शिक्षा निदेशालय सभागार में विभागीय समीक्षा बैठक भी की। इस दौरान उन्होंने पीएम-श्री विद्यालयों के अवस्थापना कार्यों में पारदर्शिता व गुणवत्ता बनाये रखने के लिये ब्लॉक स्तर पर 3 सदस्यीय समिति गठित करने के निर्देश दिये। यह समिति निर्माण कार्यों से लेकर खरीद-फरोख्त तक सभी गतिविधियों की निगरानी भी करेगी।
बैठक में मंत्री ने कहा कि आपदा प्रभावित विद्यालयों के निर्माण और मरम्मत कार्यों को तेज गति से पूरा किया जाए। इसके लिये राज्य सरकार द्वारा आपदा मोचन निधि से 20 करोड़ रुपये जारी कर सभी जिलों को आवंटित भी किये जा चुके हैं। सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे शीघ्र प्रस्ताव प्रस्तुत कर निर्माण कार्य भी सम्पन्न करायें।
इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि समग्र शिक्षा के अंतर्गत स्कूली छात्र-छात्राओं को बैग, जूते, ड्रेस व साइकिल के लिए स्वीकृत धनराशि 15 सितम्बर तक डीबीटी के माध्यम से खातों में हस्तांतरित भी कर दी जाए।
डॉ. रावत ने सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने जिलों में संचालित आवासीय विद्यालयों, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, अभिनव विद्यालय, राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, नेताजी सुभाष चन्द्र बोस छात्रावास आदि का नियमित निरीक्षण करने और भोजन, साफ-सफाई और आवासीय व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
उन्होंने कहा कि सभी विद्यालयों को प्रतिवर्ष पुस्तकालय मद में धनराशि भी उपलब्ध कराई जाती है, लेकिन कई विद्यालयों में इस राशि के सही उपयोग को लेकर शिकायतें भी आती हैं। इसके समाधान के लिये विद्यालय स्तर पर भी 3 सदस्यीय समिति गठित करने के निर्देश दिये गये। साथ ही ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को समय-समय पर पुस्तकालयों का भौतिक निरीक्षण करने को भी कहा गया।
बैठक में उन्होंने प्रदेशभर में संचालित वर्चुअल कक्षाओं और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों का नियमित निरीक्षण करने पर भी जोर दिया। साथ ही सभी जिलों को निर्देश दिये गये कि अपने-अपने विद्यालयों का सम्पूर्ण डाटा विद्या समीक्षा केन्द्र को उपलब्ध भी करायें, ताकि विद्यालयों से जुड़ी सभी जानकारियां एक क्लिक पर उपलब्ध भी हो सकें।
बैठक में निदेशक एससीईआरटी वंदना गर्ब्याल, निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल कुमार सती, निदेशक प्राथमिक शिक्षा अजय नौडियाल, एपीडी समग्र शिक्षा कुलदीप गैरोला सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे, जबकि सभी जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में प्रतिभाग भी किया।
