Record broken during the 2026 Char Dham Yatra; over 6.555 million pilgrims offered prayers.
उत्तराखंड की चारधाम यात्रा-2026 ने श्रद्धालुओं की संख्या के मामले में नया रिकॉर्ड बनाया है। इस वर्ष चारधाम और हेमकुंड साहिब में कुल 65 लाख 55 हजार 624 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार तीर्थयात्रियों की संख्या में बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वर्ष 2025 में पूरे यात्रा सीजन के दौरान करीब 51 लाख श्रद्धालु पहुंचे थे, जबकि 2023 में यह आंकड़ा करीब 56 लाख रहा था।
बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के साथ ही चारधाम यात्रा शीतकाल के लिए स्थगित हो गई है। चारधाम यात्रा प्रबंधन एवं नियंत्रण संगठन की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष यमुनोत्री धाम में 8,84,841, गंगोत्री धाम में 10,07,177, केदारनाथ धाम में 19,33,138 और बदरीनाथ धाम में 23,39,772 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। वहीं, हेमकुंड साहिब में 3,90,696 श्रद्धालुओं ने मत्था टेका। इस तरह पांचों प्रमुख तीर्थस्थलों में कुल 65,55,624 श्रद्धालु पहुंचे।
श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड संख्या के बावजूद यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। यात्रा के प्रवेश द्वार ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप में यात्रियों के पंजीकरण, सत्यापन, मार्गदर्शन, सूचना और सहायता की व्यवस्था की गई। इसके साथ ही प्रशासन, पर्यटन, पुलिस, यातायात पुलिस, परिवहन, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, विद्युत, पेयजल, खाद्य आपूर्ति और नगर निकायों समेत विभिन्न विभागों ने आपसी समन्वय से यात्रा व्यवस्थाओं का संचालन किया।
पिछले वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2022 में करीब 46 लाख, 2023 में 56 लाख, 2024 में 48 लाख और 2025 में करीब 51 लाख श्रद्धालुओं ने चारधाम यात्रा की थी। वहीं, 2026 में यह संख्या बढ़कर 65.55 लाख से अधिक पहुंच गई। इसे उत्तराखंड के धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
चारधाम यात्रा के कपाट बंद होने के बाद अब श्रद्धालु शीतकालीन प्रवास स्थलों पर देवी-देवताओं के दर्शन कर सकेंगे। मां गंगा के दर्शन मुखबा, मां यमुना के दर्शन खरसाली और बाबा केदारनाथ के दर्शन ऊखीमठ स्थित श्री ओंकारेश्वर मंदिर में होंगे। वहीं, भगवान बदरी विशाल के शीतकालीन दर्शन जोशीमठ स्थित नरसिंह मंदिर में किए जा सकेंगे।
