26 lives saved through the coordinated efforts of five agencies, including the police and SDRF; rescue operation completed in one hour and 15 minutes.
हादसे के बाद राहत एवं बचाव कार्य में पुलिस, एसडीआरएफ, जल पुलिस, फायर सर्विस और आईटीबीपी के जवानों के बेहतर तालमेल ने 26 लोगों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। सूचना मिलते ही सभी एजेंसियों ने बिना देरी किए मोर्चा संभाला और साझा रणनीति के तहत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। अलग-अलग जिम्मेदारियों के बावजूद टीमों के बीच लगातार समन्वय और त्वरित कार्रवाई का नतीजा रहा कि महज सवा घंटे के भीतर घायलों और मृतकों को बाहर निकालने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई।
एसएसपी टिहरी श्वेता चौबे ने बताया कि उन्हें हादसे की सूचना सुबह 5:12 बजे मिली थी। इसके तुरंत बाद संबंधित अधिकारियों और बचाव एजेंसियों को सक्रिय कर दिया गया। पुलिस, एसडीआरएफ, जल पुलिस और फायर सर्विस की टीमों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुंचते ही सभी टीमों ने अपनी जिम्मेदारियों के अनुसार मोर्चा संभाला और आपसी तालमेल के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। एसएसपी ने बताया कि वह सुबह करीब 7:30 बजे घटनास्थल पर पहुंचीं। तब तक अधिकांश शवों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से भेजा जा चुका था, जबकि अंतिम दो शवों को एंबुलेंस तक पहुंचाने की प्रक्रिया चल रही थी।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान दुर्गम खाई, नदी का तेज बहाव, अंधेरा और भारी पत्थरों के नीचे दबे लोगों को निकालना बड़ी चुनौती बना रहा। घटनास्थल की भौगोलिक परिस्थितियां बेहद कठिन थीं। खाई में उतरकर और नदी के तेज बहाव के बीच फंसे लोगों तक पहुंचना आसान नहीं था। एक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए कम से कम सात जवानों को मशक्कत करनी पड़ रही थी।
इन चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में पुलिस, एसडीआरएफ, जल पुलिस, फायर सर्विस और आईटीबीपी के 70 से 80 जवानों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। करीब 20 से 30 किलोमीटर की दूरी तय कर अलग-अलग टीमें 20 से 40 मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंच गईं। गूलर चौकी नजदीक होने के कारण पुलिस सबसे पहले मौके पर पहुंची। इसके बाद एसडीआरएफ की ब्यासी और ढालवाला टीम, जल पुलिस और नरेंद्रनगर फायर सर्विस ने बचाव कार्य की कमान संभाली। मुनिकीरेती और गूलर से पहुंची पुलिस टीमों ने भी अभियान में सहयोग किया।
प्रभारी निरीक्षक मुनिकीरेती प्रदीप चौहान ने बताया कि हादसे में तीन लोग पत्थरों और सीमेंट के भारी डिवाइडर के नीचे दब गए थे। डिवाइडर वाहन के साथ खाई में जा गिरा था। भारी वजन के कारण उसे हाथों से हटाना संभव नहीं था और नदी तक जेसीबी पहुंचाने का रास्ता भी नहीं था। ऐसे में पहले रास्ता तैयार किया गया और इसके बाद फोकलैंड मशीन मंगवाकर तीनों शवों को बाहर निकाला गया। मुश्किल भौगोलिक परिस्थितियों के बीच सभी बचाव एजेंसियों के बेहतर समन्वय और जवानों की तत्परता से राहत एवं बचाव अभियान तेजी से पूरा किया जा सका।
