UKSSSC has released a revised calendar for seven recruitment drives and issued an advertisement for the recruitment of 101 posts.
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने समूह-ग की सात भर्तियों का संशोधित परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। इसके साथ ही वैयक्तिक सहायक, आशुलिपिक, आशुलिपिक ग्रेड-2 और स्टेनोग्राफर समेत विभिन्न पदों के 101 रिक्त पदों पर भर्ती का विज्ञापन भी जारी किया गया है।
संशोधित कैलेंडर के अनुसार पशुधन प्रसार अधिकारी, सर्वेक्षक और साहसिक खेल अधिकारी की परीक्षा अब 20 सितंबर के बजाय 18 अक्तूबर को होगी। वहीं कैमरामैन और प्राविधिक सहायक इतिहास की परीक्षा 18 अक्तूबर के बजाय 20 सितंबर को आयोजित की जाएगी। सहायक लेखाकार की परीक्षा चार अक्तूबर से बढ़ाकर एक नवंबर और वैयक्तिक सहायक की परीक्षा एक नवंबर से बढ़ाकर 20 दिसंबर कर दी गई है।
विज्ञान इंटर और स्नातक स्तर के पदों की परीक्षा 17 जनवरी को ही होगी। पिछले कैलेंडर में इस परीक्षा का वर्ष गलती से 2026 प्रकाशित हो गया था, जिसे अब संशोधित कर 2027 कर दिया गया है।
आयोग की ओर से जारी विज्ञापन के तहत 101 पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन 14 सितंबर से 14 अक्तूबर तक किए जा सकेंगे। आवेदन में संशोधन के लिए 17 से 19 अक्तूबर तक का समय दिया गया है, जबकि लिखित परीक्षा की संभावित तिथि 20 दिसंबर तय की गई है। भर्ती राज्य के 19 अलग-अलग विभागों में होगी, जिसमें आवास विभाग के 22 वैयक्तिक सहायक, आयुक्त कुमाऊं मंडल के 16 और वन निगम के 10 पद शामिल हैं।
वैयक्तिक सहायक पद के लिए अभ्यर्थी की आयु 18 से 42 वर्ष के बीच होनी चाहिए। 12वीं पास होने के साथ 80 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग स्पीड जरूरी है। आशुलिपिक पद के लिए 12वीं पास होने के साथ हिंदी और अंग्रेजी आशुलेखन में न्यूनतम 80 शब्द प्रति मिनट तथा 40 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग गति आवश्यक है। अनारक्षित और ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 300 रुपये, जबकि एससी, एसटी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 150 रुपये निर्धारित किया गया है।
