BJP's strategy meet in Haldwani; leaders' report cards for 2027 prepared.
हल्द्वानी में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित हो रही है। बैठक से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, सरकार के मंत्री, प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष-महामंत्री और मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने ध्वजारोहण किया। दोपहर तीन बजे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी बैठक में पहुंचे, जहां बाबा नीम करौली महाराज की तस्वीर भेंट कर उनका स्वागत किया गया।
बैठक में दो राजनीतिक प्रस्ताव पारित किए गए। केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने ‘विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत’ का संकल्प प्रस्ताव रखा। इसके अलावा वंदे मातरम को लेकर कांग्रेस के रुख की निंदा की गई। पहले प्रस्ताव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 साल के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के कार्यकाल तथा उनकी उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए आभार जताया गया। दूसरे प्रस्ताव में हल्द्वानी शुद्धिकरण मामले को लेकर कांग्रेस के रुख की आलोचना की गई। भाजपा ने विकास, विरासत और संरक्षण के मुद्दों के साथ 2027 का चुनाव लड़ने का संकल्प लिया है।
भाजपा के लिए यह दो दिवसीय कार्यसमिति बैठक केवल संगठनात्मक चर्चा तक सीमित नहीं मानी जा रही, बल्कि 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से भी अहम है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मौजूदगी में जिलों के पदाधिकारियों, मोर्चों और संगठन के वरिष्ठ नेताओं से जमीनी फीडबैक लिया जाएगा।
इस दौरान मौजूदा मंत्रियों और विधायकों की क्षेत्र में सक्रियता, जनता और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद, बूथ समितियों की स्थिति, मंडल स्तर पर संगठन की मजबूती और सरकार की योजनाओं के जमीनी असर की समीक्षा की जाएगी। पार्टी संगठन की रिपोर्ट के आधार पर यह भी देखा जाएगा कि कौन से जनप्रतिनिधि क्षेत्र में मजबूत स्थिति में हैं और किन सीटों पर संगठन को नए चेहरे की जरूरत पड़ सकती है।
पार्टी के सामने 2027 में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की चुनौती है। ऐसे में हल्द्वानी में हो रहा यह महामंथन आने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की रणनीति और संगठन की तैयारियों की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि टिकट बदलने को लेकर पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन कार्यसमिति में मिलने वाला जमीनी फीडबैक आगामी चुनाव में टिकट और उम्मीदवारों के चयन में अहम भूमिका निभा सकता है।
