Chamoli tunnel incident: Debris and water rushed into the tunnel following the blast; 7 dead, search underway for 3.
उत्तराखंड के चमोली जिले के मायापुर (पीपलकोटी) क्षेत्र में टीएचडीसी की निर्माणाधीन विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की टीआरटी (टेल रेस टनल) में हुआ हादसा बेहद भयावह था। प्रत्यक्षदर्शी मजदूरों के अनुसार, सुरंग के अंदर करीब 150 मीटर दूर अचानक जोरदार धमाका हुआ और इसके बाद भारी भूस्खलन के साथ मलबा, पानी और पत्थर तेज रफ्तार से टनल में घुस आए। हादसे के दौरान कई मजदूर दूर जा गिरे, कुछ मलबे में दब गए और कुछ मलबे के तेज बहाव से सुरंग के बाहर की ओर पहुंच गए।
घायलों ने बताया कि हादसे के बाद सुरंग में चारों ओर “बचाओ-बचाओ” की आवाजें गूंजने लगीं। कई जगह से मलबा आने के कारण टनल के अंदर ऑक्सीजन का स्तर तेजी से गिर गया, जिससे कई लोगों को सांस लेने में दिक्कत हुई और कुछ मजदूर दम घुटने के कारण आगे बढ़ ही नहीं पा रहे थे। स्थानीय स्तर पर यह भी दावा किया जा रहा है कि हादसे वाली जगह पर दो दिनों से मलबा गिर रहा था, लेकिन इस पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून के अनुसार करीब तीन किलोमीटर लंबी इस सुरंग के लगभग 1.5 किलोमीटर हिस्से में भूधंसाव के कारण मलबा और पानी भर गया, जिससे अंदर काम कर रहे 22 मजदूर फंस गए।
अब तक 12 घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है, जबकि हादसे में सात लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। तीन मजदूर अब भी लापता हैं और उनकी तलाश के लिए एसडीआरएफ समेत कई एजेंसियां लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। राहत कार्य में शामिल छह बचावकर्मी भी सुरक्षित बताए गए हैं।
एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी के नेतृत्व में छह टीमें मौके पर तैनात हैं। एनडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस और अन्य तकनीकी विशेषज्ञों के साथ संयुक्त रूप से सुरंग के भीतर मलबे, पानी और सीमित जगह जैसी चुनौतियों के बीच सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान जारी है।
घायल मजदूरों का इलाज जिला चिकित्सालय गोपेश्वर और बेस अस्पताल श्रीनगर में चल रहा है। मृतकों में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के श्रमिक शामिल हैं, जबकि झारखंड और छत्तीसगढ़ के तीन मजदूरों की तलाश अभी भी जारी है। प्रशासन का कहना है कि बचाव अभियान जारी रहने के कारण प्रभावितों के आंकड़ों में आगे बदलाव संभव है।
