स्वतंत्रता दिवस पर उत्तराखंड पुलिस के 14 अधिकारियों को मिलेगा मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक, 154 अन्य पुलिसकर्मी भी होंगे सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तराखंड पुलिस के 14 अधिकारियों और कर्मचारियों को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया जाएगा। इनमें आठ अधिकारियों को उत्कृष्ट सेवा के आधार पर और छह अधिकारियों-कर्मचारियों को विशिष्ट कार्य के लिए यह सम्मान प्रदान किया जाएगा। विशेष बात यह है कि हाल ही में दिवंगत हुए एलआईयू इंस्पेक्टर मनोज मनराल को मरणोपरांत मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया जाएगा।
सेवा के आधार पर मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक पाने वालों में आईजी डॉ. नीलेश आनंद भरणे, एएसपी रेवाधर मठपाल, डीएसपी भास्कर लाल शाह, डीएसपी त्रिवेंद्र सिंह राणा, डीएसपी मनीष जस्वाल, इंस्पेक्टर गिरीबर सिंह रावत, इंस्पेक्टर मोहम्मद यासीन और प्लाटून कमांडर दिनेश चंद्र शामिल हैं।
वहीं विशिष्ट कार्य के लिए मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक इंस्पेक्टर एलआईयू मनोज मनराल (मरणोपरांत), एसआई विनोद कुमार (मरणोपरांत), आईजी सुनील कुमार मीणा, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, एएसपी शांतनु पराशर और डीएसपी मनोज असवाल को प्रदान किया जाएगा।
इसके अलावा स्वतंत्रता दिवस पर उत्तराखंड पुलिस के कुल 154 अधिकारियों और कर्मचारियों को डीजीपी स्तर के विभिन्न सम्मान भी दिए जाएंगे। इनमें 25 पुलिसकर्मियों को डीजीपी प्रशस्ति डिस्क सिल्वर (सेवा), 12 को डीजीपी डिस्क गोल्ड (सेवा), 89 को विशिष्ट कार्य के लिए डीजीपी सिल्वर डिस्क, 12 को विशिष्ट कार्य के लिए डीजीपी प्रशस्ति डिस्क गोल्ड और 16 अधिकारियों-कर्मचारियों को डीजीपी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। डीजीपी दीपम सेठ ने सभी सम्मानित होने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।