पूर्व राज्यपाल ले. जनरल एमएम लखेड़ा के निधन पर मंत्री गणेश जोशी ने दी श्रद्धांजलि
देहरादून: सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने भारतीय सेना के पूर्व वरिष्ठ सैन्य अधिकारी व मिजोरम और पुडुचेरी के पूर्व राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल एमएम लखेड़ा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
गणेश जोशी ने कहा कि ले. जनरल लखेड़ा का निधन भारतीय सेना, राष्ट्र व उत्तराखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपने सैन्य जीवन में उत्कृष्ट नेतृत्व, कर्तव्यनिष्ठा व राष्ट्रसेवा का परिचय देते हुए देश की सुरक्षा और सम्मान को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान भी दिया।
उन्होंने कहा कि सेना से सेवानिवृत्ति के बाद राज्यपाल के रूप में भी ले. जनरल लखेड़ा ने अपने संवैधानिक दायित्वों का पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और दक्षता के साथ निर्वहन भी किया। उनका अनुशासित व्यक्तित्व, सादगीपूर्ण जीवन व राष्ट्र के प्रति समर्पण हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा।
कैबिनेट मंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि देश उनके योगदान को सदैव श्रद्धा व सम्मान के साथ याद रखेगा।