Weather to change again in Uttarakhand; rain and snowfall expected in the mountains.
उत्तराखंड में एक सप्ताह की राहत के बाद मौसम फिर करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 23 अक्टूबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं।
प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। पहाड़ों में बारिश का असर मैदानी इलाकों के तापमान पर भी पड़ सकता है, जिससे सुबह-शाम के साथ दिन में भी ठंड बढ़ने का अहसास होगा।
हालांकि, बृहस्पतिवार को मैदानी क्षेत्रों में चटक धूप खिलने से गर्मी महसूस हुई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 26 अक्टूबर तक प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।
