BJP strongly condemns the viral video, appeals to the government to take strict action
उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर कड़े शब्दों में निंदा की है। पार्टी ने इसे एक समाज विरोधी और हिंसक प्रवृत्ति को बढ़ावा देने वाला प्रयास बताया और सरकार से ऐसे अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग भी की है।
प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी ने इस संदर्भ में बयान जारी करते हुए कहा, “यह वीडियो जिसमें पुतले को बम से उड़ाने का प्रतीकात्मक चित्रण किया गया है, पूरी तरह से आपत्तिजनक और दुर्भाग्यपूर्ण है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी ऐसे कुकृत्यों की कड़ी निंदा करती है, जो समाज के विभाजन और हिंसक प्रवृत्तियों को बढ़ावा देते हैं।
जोशी ने यह भी कहा कि ऐसे वीडियो बनाने वाले और उन्हें प्रोत्साहित करने वाले लोग राज्यद्रोही हैं। उनका उद्देश्य केवल सुर्खियों में बने रहना और कुछ राजनैतिक पार्टियों की शह पर सोशल मीडिया पर अफवाह और भ्रम फैलाना है। उन्होंने कहा, “इन तत्वों को प्रदेश में हो रहे चौमुखी विकास, युवाओं को मिल रहे रिकॉर्ड रोजगार और ईमानदार पारदर्शी व्यवस्था से कोई लेना-देना नहीं है। वे केवल समाज को भ्रमित करने और झूठ फैलाने का काम करते हैं।”
जोशी ने यह भी कहा कि संविधान के तहत सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन इस अधिकार का दुरुपयोग करके आपराधिक और समाजद्रोही मानसिकता को बढ़ावा देना भी अक्षम्य है।
पार्टी ने इस वीडियो के बारे में गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए सरकार से मांग की है कि अपराध भावना से प्रेरित इस प्रकार के कृत्य करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई भी की जाए।
