Uttarakhand Plans underway to increase honorarium for Anganwadi workers by ₹1,500–₹2,000; proposal sent to the government.
उत्तराखंड में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। प्रदेश में उनके मानदेय में 1500 से 2000 रुपये तक की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, इस संबंध में अंतिम निर्णय शासन स्तर पर लिया जाना है। प्रदेश में 35 हजार से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं इससे जुड़ी हैं। मानदेय बढ़ाने समेत अन्य मांगों को लेकर कार्यकर्ता पिछले 15 दिनों से आंदोलन कर रही हैं।
दरअसल, उत्तर प्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाकर 12 हजार रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है, जबकि उत्तराखंड में फिलहाल कार्यकर्ताओं को 9300 रुपये मानदेय और 500 रुपये प्रोत्साहन भत्ता दिया जा रहा है। दोनों राज्यों के बीच मानदेय के अंतर को देखते हुए उत्तराखंड में भी बढ़ोतरी की मांग तेज हो गई है।
मानदेय में वृद्धि की संभावनाओं को देखते हुए महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग ने विभिन्न राज्यों की व्यवस्था का अध्ययन किया है। इसमें सामने आया कि हिमाचल प्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सबसे अधिक 16 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है। वहां हर साल मानदेय में 500 रुपये की बढ़ोतरी भी की जाती है। वहीं, उत्तराखंड में आंगनबाड़ी सहायिकाओं को 5250 रुपये मानदेय और 250 रुपये प्रोत्साहन भत्ता दिया जा रहा है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मांग है कि उनका मानदेय बढ़ाकर 24 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाए। इसके साथ ही सेवानिवृत्ति पर एकमुश्त 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग के निदेशक बीएल राणा ने बताया कि मानदेय वृद्धि को लेकर विभिन्न राज्यों का अध्ययन करने के बाद शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। अब इस पर अंतिम निर्णय शासन स्तर से लिया जाएगा।
वहीं, राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की प्रदेश अध्यक्ष सुशीला खत्री ने कहा कि कार्यकर्ताओं को 24 हजार रुपये मानदेय और सेवानिवृत्ति पर कम से कम 10 लाख रुपये की एकमुश्त राशि मिलनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक मांगों पर अमल नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
