Relief for unsuccessful applicants in the LDA plot lottery an opportunity to apply again in the second phase at no extra cost.
लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने भूखंड आवंटन की पहली लॉटरी में असफल रहे आवेदकों को राहत दी है। अब पहले चरण में भूखंड नहीं पाने वाले आवेदक दूसरे चरण की लॉटरी में बिना किसी अतिरिक्त आवेदन शुल्क के शामिल हो सकेंगे। इसके लिए आवेदकों को एलडीए की आधिकारिक वेबसाइट registration.ldalucknow.in पर अपनी सहमति देनी होगी। सहमति देने की अंतिम तिथि 30 नवंबर निर्धारित की गई है। जो आवेदक दूसरे चरण में शामिल नहीं होना चाहते और धनराशि वापस लेना चाहते हैं, उन्हें वापसी का विकल्प चुनना होगा। ऐसे आवेदकों की पंजीकरण धनराशि वापस कर दी जाएगी।
अगली लॉटरी में शामिल होने की सहमति देने वाले आवेदकों की पंजीकरण धनराशि एलडीए के पास सुरक्षित रहेगी। यह राशि अगली लॉटरी में उसी श्रेणी के भूखंड के लिए समायोजित की जाएगी। दोबारा आवेदन करने वाले आवेदकों को भुगतान का विकल्प किस्तों से बदलकर एकमुश्त करने की छूट भी मिलेगी। ऐसे आवेदकों को लॉटरी में प्राथमिकता दी जाएगी, हालांकि वे आवेदन में किसी अन्य प्रकार का बदलाव नहीं कर सकेंगे।
नए आवेदकों और बदलाव करने वालों को देना होगा शुल्क
एलडीए के अनुसार, नए आवेदकों को पंजीकरण फॉर्म का शुल्क देना होगा। वहीं, पहले आवेदन कर चुके ऐसे आवेदक जो भूखंड के आकार या अन्य विवरण में बदलाव करना चाहते हैं, उन्हें भी निर्धारित शुल्क जमा करना होगा। सितंबर में एलडीए ने सीतापुर रोड स्थित नैमिष नगर और आगरा एक्सप्रेसवे स्थित वरुण विहार योजना के पहले चरण के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू की थी। दोनों योजनाओं में कुल 4,539 भूखंडों के लिए 38,457 लोगों ने ऑनलाइन आवेदन किया था। आवेदकों की संख्या अधिक होने के कारण करीब 34 हजार लोगों को पहली लॉटरी में भूखंड नहीं मिल पाए थे। अब एलडीए ने इन आवेदकों को दूसरे चरण में शामिल होने का अवसर दिया है।
