Om Prakash Rajbhar hits back at Azam Khan’s ‘revolution in 2027’ remark, says ‘Save your own life first’
सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां जेल से रिहा होकर रामपुर पहुंच गए हैं। यहां उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव नहीं, बल्कि इंकलाब होगा। उनके इस बयान पर उत्तर प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने पलटवार किया है। राजभर ने कहा कि आजम खां पहले अपनी जान बचाएं। उन्होंने जिंदगी भर गुलामी की है।
ओम प्रकाश राजभर ने आजम खां को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनमें हिम्मत है तो वह सपा प्रमुख अखिलेश यादव से उत्तर प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री किसी मुस्लिम नेता को घोषित करने की बात करें। राजभर ने दावा किया कि ऐसा कहने पर अखिलेश यादव उन्हें पार्टी से निकालकर बाहर कर देंगे।
रामपुर पहुंचते ही आजम खां ने दिखाए पुराने तेवर
गाजियाबाद की डासना जेल से रिहा होने के बाद बुधवार रात रामपुर पहुंचे आजम खां ने देश की मौजूदा परिस्थितियों और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि अब यकीन हो गया है कि देश आजाद है, लेकिन संविधान कैद है। संविधान की आजादी के लिए सभी को मिलकर आवाज उठानी होगी। उन्होंने दावा किया कि 2027 में चुनाव नहीं, इंकलाब होगा। यह लड़ाई धर्म और जाति के नाम पर नहीं, बल्कि मुद्दों के आधार पर लड़ी जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका मकसद किसी से बदला लेना नहीं, बल्कि न्याय की लड़ाई लड़ना है।
रामपुर में अपने आवास के बाहर मीडिया से बातचीत में आजम खां ने कहा कि वह संविधान और कानून के लिए पहले भी मरने को तैयार थे, आज भी हैं और आगे भी रहेंगे। उन्होंने कहा कि देश में संविधान की रक्षा और उसकी गरिमा बनाए रखना जरूरी है। संवैधानिक संस्थाओं की साख पर सवाल उठ रहे हैं। आज जिस तरह के कानून बनाए जा रहे हैं, उन पर गंभीरता से विचार होना चाहिए। संस्थाओं को अपना स्तर और विश्वसनीयता बनाए रखनी चाहिए।
ईडी की कार्रवाई और संस्थाओं पर उठाए सवाल
लोकसभा और विधान परिषद चुनाव के परिणामों पर टिप्पणी करते हुए आजम खां ने कहा कि जिन सीटों पर जीत मिली, वे भी उन्हें बेमानी लगीं। उन्होंने सवाल उठाया कि बच्चों के लिए स्कूल और विश्वविद्यालय खोलने वाला व्यक्ति भी माफिया हो सकता है? तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अगर मुर्गी, बकरी और भैंस चोरी करने वाला व्यक्ति ईडी का मुल्जिम हो सकता है तो विश्वविद्यालय बनाने वाले को भी निशाना बनाया जा सकता है।
