Protest on highway following the death of a BJP leader's son in Gorakhpur; traffic jam stretches for three kilometers.
गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो में शामिल जेसीबी की चपेट में आने से भाजपा नेता ओंकार सिंह के 14 वर्षीय बेटे आर्य वर्धन सिंह की मौत के बाद परिवार और भाजपा कार्यकर्ताओं का आक्रोश सड़क पर उतर आया। पुलिस पर हादसे के बाद चार घंटे तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए परिजन और कार्यकर्ता बुधवार शाम छह बजे झारखंडी मोड़ पर धरने पर बैठ गए। इससे गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया और दोनों तरफ करीब तीन किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। हजारों राहगीरों को जाम में फंसकर परेशानी का सामना करना पड़ा।
परिजनों की मांग थी कि हादसे के लिए जिम्मेदार जेसीबी चालक और उसे रोड शो में शामिल कराने वाले आयोजक के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही झारखंडी गेट के पास सड़क पर ब्रेकर बनवाया जाए। धरने की सूचना पर डीएम दीपक मीणा, एसएसपी डॉ. कौस्तुभ और एसपी सिटी निमिष पाटील कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और कार्यकर्ताओं से बातचीत कर उनकी मांगों पर कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद रात करीब आठ बजे धरना समाप्त हुआ और हाईवे पर यातायात बहाल हो सका।
जिस बहन को लेने निकला था भाई, वह कभी घर नहीं लौटेगा
दोपहर तक परिवार में सबकुछ सामान्य था। किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही मिनटों में परिवार की दुनिया उजड़ जाएगी। आवास विकास कॉलोनी, झारखंडी निवासी ओंकार सिंह ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब दो बजे उनका बड़ा बेटा आर्य वर्धन अपनी बहन समृद्धि को लेने पैदल चौराहे की ओर जा रहा था। इसी दौरान रोड शो में शामिल जेसीबी की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोग उसे एम्स लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आर्य वर्धन केंद्रीय विद्यालय नंदानगर में कक्षा 10 का छात्र था। वह परिवार का बड़ा बेटा ही नहीं, बल्कि माता-पिता की उम्मीदों और सपनों का सहारा भी था। परिवार ने उसके भविष्य को लेकर कई सपने संजोए थे, लेकिन हादसे ने सबकुछ खत्म कर दिया। बेटे की मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
सीएम के निर्देश पर जनप्रतिनिधियों ने परिवार से की मुलाकात
हादसे के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव और क्षेत्रीय विधायक इंजीनियर सरवन निषाद ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें ढांढस बंधाया।
जेसीबी चालक और आयोजक की भूमिका की जांच
एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जेसीबी चालक और रोड शो में उसे शामिल कराने वाले आयोजक की भूमिका की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
डीएम दीपक मीणा ने भी कहा कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। झारखंडी गेट के पास ब्रेकर बनवाने की मांग पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।
इधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बृहस्पतिवार शाम पांच बजे भाजपा नेता ओंकार सिंह के घर जाकर शोकाकुल परिवार से मुलाकात करेंगे। देर रात आर्य वर्धन के शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
