उत्तराखंड में फिर बिगड़ा मौसम, बारिश से लुढ़का पारा; 15 अगस्त को इन जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
दो दिन की राहत के बाद शुक्रवार को उत्तराखंड में मौसम ने फिर करवट ली। सुबह से देर शाम तक हुई बारिश का असर मैदान से लेकर पहाड़ तक तापमान पर साफ दिखाई दिया। कई मैदानी इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा, जबकि मौसम विज्ञान केंद्र ने 15 अगस्त के लिए कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
देहरादून में सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक 7.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश के चलते अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री गिरकर 27.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी तापमान में गिरावट देखने को मिली।
सबसे अधिक 61.2 मिमी बारिश पिथौरागढ़ जिले में दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 15 अगस्त को पिथौरागढ़ और बागेश्वर के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी, नैनीताल और चंपावत जिलों के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 20 अगस्त तक पूरे उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।