उत्तराखंड राज्य में इस साल 2024 में लोकसभा चुनाव होने वाले हैं। लोकसभा चुनाव की तैयारी को लेकर पुलिस ने कमर कस ली है और संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल करन सिंह नागन्याल ने सभी एसएसपी और एसपी को पुलिस बल का प्रबंध करने के निर्देश भी दिए हैं।
गढ़वाल रेंज के महानिरीक्षक करन सिंह नगन्याल ने रेंज के समस्त एसएसपी और एसपी समेत जनपदों के नोडल राजपत्रित अधिकारियों के साथ बीते बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की और उन्हें निर्देश भी दिए।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों को भी चिन्हित किया जाए और उनके विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाए। जो भी व्यक्ति अवैध शस्त्र, मादक पदार्थ आदि की तस्करी करें चेकिंग अभियान चलाते हुए उसे रोका जाए।
बॉर्डर चेक पोस्टों पर निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके अलावा समस्त जनपद प्रभारियो को निर्देश दिए गए हैं कि मुख्यमंत्री पोर्टल से प्राप्त होने वाली समस्त शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित भी किया जाए।
