Preparations underway to promote eco-tourism in Uttarakhand; assistance sought from the Tourism Department for the preparation of DPRs for over 30 projects.
उत्तराखंड में इको टूरिज्म की संभावनाओं को विकसित करने के लिए वन विभाग ने नई पहल की है। प्रदेश में इको टूरिज्म से जुड़ी 30 से अधिक प्रस्तावित योजनाओं को धरातल पर उतारने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए वन विभाग ने पर्यटन विभाग से सहयोग मांगा है। सीसीएफ इको टूरिज्म ने पर्यटन सचिव को पत्र लिखकर विभाग के सूचीबद्ध कंसल्टेंट की सेवाएं उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।
दरअसल, वन विभाग के इको टूरिज्म विंग ने प्रदेश के अलग-अलग वन क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को विकसित करने के लिए 30 से अधिक योजनाओं की रूपरेखा तैयार की है। इन योजनाओं के तहत प्रकृति पर्यटन, जंगल सफारी, नेचर ट्रेल, बर्ड वॉचिंग और स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने की योजना है। इससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी तैयार हो सकते हैं।
हालांकि, इन योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट यानी डीपीआर तैयार करना जरूरी है। बजट की कमी के चलते वन विभाग के सामने डीपीआर तैयार कराना चुनौती बना हुआ है। ऐसे में पर्यटन विभाग के सूचीबद्ध कंसल्टेंट की मदद लेने का प्रस्ताव रखा गया है, ताकि बिना अतिरिक्त वित्तीय बोझ के डीपीआर तैयार कराई जा सके।
वन विभाग का उद्देश्य है कि केंद्र या राज्य सरकार से बजट उपलब्ध होने पर योजनाओं को वित्तीय स्वीकृति के लिए समय पर प्रस्तुत किया जा सके और डीपीआर तैयार करने में देरी न हो।
सीसीएफ इको टूरिज्म पीके पात्रो के मुताबिक, इस संबंध में पर्यटन सचिव को पत्र लिखा जा चुका है और अब जवाब का इंतजार है। उन्हें उम्मीद है कि पर्यटन विभाग की ओर से सहयोग मिलेगा, जिससे प्रस्तावित योजनाओं को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
अब पर्यटन विभाग की सहमति पर इन योजनाओं की डीपीआर तैयार करने का रास्ता निर्भर करेगा।
