उत्तराखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज: पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी के आसार
देहरादून: उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में एक बार फिर से मौसम का मिजाज बदलने के संकेत मिल रहे हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 26 फरवरी को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क ही रहने की संभावना है।
हालांकि 27 व 28 फरवरी को राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम करवट भी ले सकता है। इन दिनों पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश व बर्फबारी होने के आसार जताए गए हैं। विशेष रूप से उत्तरकाशी, चमोली व पिथौरागढ़ के कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा की संभावना है। वहीं 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार इसके बाद 1 व 2 मार्च को प्रदेशभर में मौसम फिर से शुष्क रहने का अनुमान भी है। जबकि 3 मार्च को एक बार फिर पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम बिगड़ भी सकता है।
उधर बुधवार को पूरे प्रदेश में मौसम साफ ही बना रहा। मैदानी इलाकों में तेज धूप निकलने से दिन के समय हल्की गर्मी भी महसूस की गई। आंकड़ों के मुताबिक देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री अधिक 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 2 डिग्री बढ़कर 12.4 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के अन्य जिलों में भी तापमान में इसी तरह बढ़ोतरी भी दर्ज की गई।