नारी शक्ति वंदन कानून लागू करने पर तेज हुई तैयारी, सीएम धामी ने सभी सांसदों को लिखा पत्र
देहरादून: नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर संसद के प्रस्तावित विशेष सत्र से पहले सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा कदम उठाया है। सीएम ने राज्य के सभी सांसदों और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रदेश अध्यक्षों को पत्र भेजकर महिला आरक्षण के मुद्दे पर व्यापक सहमति बनाने व संसद में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील भी की है।
अपने पत्र में सीएम ने कहा कि 16 अप्रैल से संसद में प्रस्तावित विशेष सत्र देश की आधी आबादी को निर्णय प्रक्रिया में अधिक प्रभावी भागीदारी दिलाने की दिशा में ऐतिहासिक अवसर भी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को समान अवसर व नेतृत्व की भूमिका देना समावेशी समाज निर्माण की बुनियाद भी है।
सीएम धामी ने कहा कि वर्ष 2023 में सभी दलों ने एकजुट होकर इस अधिनियम का समर्थन किया था और अब समय आ गया है कि इसे पूरी भावना के साथ लागू भी किया जाए। उन्होंने भरोसा जताया कि 2029 के लोकसभा चुनाव व आगामी विधानसभा चुनाव महिला आरक्षण के प्रावधानों के लागू होने के बाद कराए जाने से लोकतांत्रिक संस्थाओं में नई ऊर्जा भी आएगी।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की मातृशक्ति की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में महिलाएं हमेशा परिवार, आजीविका व सामाजिक जीवन की मजबूत आधारशिला रही हैं। ऐसे में यह कानून राज्य की बेटियों के लिए राजनीति, समाज सेवा व सार्वजनिक जीवन में नए अवसरों के द्वार खोलेगा।
सीएम ने सभी दलों से इस ऐतिहासिक पहल पर सहमति बनाने की अपील करते हुए कहा कि यह किसी एक दल का नहीं, बल्कि देश की माताओं, बहनों व बेटियों के सम्मान और सशक्त भविष्य का विषय है।