Vasantotsav 2025 Himmat Singh of Tehri presented 105 types of tea at Raj Bhavan, a unique confluence of taste and health
टिहरी के हिम्मत सिंह बिष्ट ने चाय के शौकीनों के लिए स्वाद व स्वास्थ्य का अनोखा संयोजन पेश किया है। राजभवन में आयोजित वसंतोत्सव में हिम्मत सिंह ने 105 प्रकार की चाय पेश की, जिससे उनके स्टॉल पर पहले ही दिन भारी भीड़ भी देखने को मिली।
वेदावी स्वयं सहायता समूह के सदस्य हिम्मत सिंह बिष्ट ने बताया कि कोविड काल के दौरान उन्होंने सामान्य चाय के बजाय हर्बल चाय पर ही फोकस किया। शुरुआत में कुछ उत्पाद तैयार किए, फिर धीरे-धीरे यह सिलसिला बढ़ता ही गया और अब वे 105 किस्म की चाय तैयार कर चुके हैं। उन्होंने चाय को स्वास्थ्य से जोड़ते हुए उसे और भी विशेष बना दिया है।
हर्बल चाय की नई किस्में
हिम्मत सिंह की चाय में विशेष हर्बल फ्लेवर शामिल हैं, जिनमें एंटी एजिंग हर्बल टी, हेयर हेल्थ केयर हर्बल टी, वात-पित्त-कफ बैलेंस टी, रिफ्रेशमेंट हर्बल टी, डिटॉक्स हर्बल टी, स्लिम फिट हर्बल टी, स्किन केयर हर्बल टी, हार्ट केयर हर्बल टी, फर्टिलिटी बूस्टर हर्बल टी, डायबिटिक कंट्रोल हर्बल टी व ब्लैक टरमरिक टी जैसी चाय भी शामिल हैं।
फूलों की खुशबू के साथ चाय का स्वाद
हिम्मत सिंह ने चाय में फूलों की खुशबू को भी शामिल किया है। उन्होंने ब्लू, रोज, और लेवेंडर जैसे फूलों से भी चाय बनाई है, जिससे पीने वाले को न केवल स्वास्थ्य लाभ मिलता है, बल्कि फूलों की महक भी चाय के स्वाद को और भी बढ़ा देती है। हिम्मत सिंह का कहना है कि उन्होंने अपनी चाय इस तरह से तैयार की है कि यह मौसम के अनुसार हॉट, कोल्ड व आइस टी के रूप में आनंद ले सकते हैं।
धूपबत्ती का आकर्षण: देवभूमि के फूलों से बनी धूपबत्ती
वसंतोत्सव में विकास उनियाल व उनकी पत्नी ममता उनियाल ने देवभूमि के मंदिरों से एकत्र किए गए फूलों से बनी धूपबत्ती व बांस रहित अगरबत्ती पेश की। “भावना” नाम से उनका स्टार्टअप भी शुरू हुआ है। वे देहरादून के मंदिरों से पुष्प एकत्र करने के लिए नगर निगम से गाड़ी भी प्राप्त करते हैं और इन फूलों से धूपबत्तियां बनाते हैं। हरिद्वार में ई-रिक्शा की मदद से पुष्प एकत्र किए जाते हैं, जबकि बदरीनाथ धाम में स्वयं सहायता समूह से तुलसी एकत्र भी की जाती है। वे जल्द ही अन्य मंदिरों के पुष्पों की सुगंध का आनंद देने की योजना बना रहे हैं।
