Horrific road accident on the Fazilka-Ferozepur highway; five dead—including three children—and nine injured.
पंजाब के फाजिल्का-फिरोजपुर हाईवे पर रविवार रात गांव बहक खास के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शादी समारोह से लौट रही क्रूजर गाड़ी की पिकअप वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जिनमें तीन बच्चे शामिल हैं, जबकि नौ लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि क्रूजर गाड़ी का अगला और बीच का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
शादी समारोह से लौट रहा था परिवार
मृतकों के रिश्तेदार संदीप सिंह ने बताया कि उनका परिवार जलालाबाद के गांव टिवाना का रहने वाला है। परिवार के करीब 13 सदस्य क्रूजर गाड़ी में सवार होकर फाजिल्का के गांव करनीखेड़ा में अपने चाचा के बेटे की शादी में शामिल होने गए थे। रविवार रात समारोह से वापस लौटते समय गांव बहक खास के पास उनकी गाड़ी की पिकअप से टक्कर हो गई।
हादसे में गाड़ी सवार कई लोग अंदर ही फंस गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। संदीप सिंह के अनुसार, हादसे में उनके परिवार के दो बच्चों समेत चार लोगों की मौत हुई है। इनमें उनका भतीजा, भतीजी, परिवार की माता और गाड़ी का चालक शामिल हैं। वहीं, शुरुआती जानकारी के मुताबिक हादसे में कुल पांच लोगों की जान गई है, जिनमें तीन बच्चे शामिल हैं। नौ लोग घायल हुए हैं।
सड़क सुरक्षा फोर्स ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
हादसे की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घायलों को तत्काल सरकारी अस्पताल पहुंचाया और हाईवे पर यातायात सुचारु करवाया। सड़क सुरक्षा फोर्स के इंचार्ज आत्माराम ने बताया कि घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। साथ ही संबंधित थाने की पुलिस को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
आत्माराम ने हादसे को बेहद दर्दनाक बताते हुए कहा कि दुर्घटना में कई लोगों की जान गई है और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। सरकारी अस्पताल के सीनियर मेडिकल ऑफिसर डॉ. एरिक एडिसन ने भी हादसे की पुष्टि की है। घायलों का उपचार जारी है।
विधायक जगदीप सिंह गोल्डी कंबोज ने लिया जायजा
जलालाबाद के विधायक जगदीप सिंह गोल्डी कंबोज ने बताया कि हादसे में उनके निर्वाचन क्षेत्र के गांव टिवाना के परिवार के सदस्य प्रभावित हुए हैं। परिवार के लोग बरात में शामिल होने के लिए फाजिल्का के गांव करनीखेड़ा गए थे। वापसी के दौरान टोल प्लाजा के पास हादसा हुआ, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई।
विधायक के मुताबिक, दो से चार घायलों को फरीदकोट रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों की हालत स्थिर बताई गई है। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की टीम उपचार में जुटी है और सरकार की ओर से हर संभव मदद दी जा रही है। विधायक ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार हादसा क्रॉसिंग पर हुआ हो सकता है, हालांकि दुर्घटना के कारणों की पूरी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
