A tragedy was averted during Chhath Puja in Haridwar as the PAC safely rescued a father and son who were drowning in the river.
हरिद्वार के बहादराबाद स्थित सर्वेश्वर घाट पर छठ पूजा के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां नहाते समय 16 वर्षीय किशोर आयुष गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। बेटे को डूबता देख उसके पिता ने उसे बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी, लेकिन इस दौरान दोनों ही पानी में डूबने लगे। अचानक हुई इस घटना से परिवार में चीख-पुकार मच गई। घाट पर मौजूद लोगों ने भी पिता-पुत्र को बचाने का प्रयास किया।
इसी बीच मौके पर तैनात पीएसी की आपदा राहत टीम को घटना की जानकारी मिली। टीम ने बिना देर किए बचाव अभियान शुरू किया और जवानों ने नदी में उतरकर पिता और बेटे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जवानों की तत्परता और समय पर किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन से दोनों की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, 16 वर्षीय आयुष छठ पूजा के लिए अपने परिवार के साथ सर्वेश्वर घाट पहुंचा था। पूजा के दौरान हुए इस हादसे से परिवार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, पीएसी की आपदा राहत टीम की मुस्तैदी से एक बड़ा हादसा टल गया और पिता-पुत्र को सुरक्षित बचा लिया गया।
