10 to 15 people climbed a water tank over a land dispute, remaining adamant in their demand for ownership rights.
पंजाब के बठिंडा जिले के गांव दयालपुरा मिर्जा में जमीन के मालिकाना हक को लेकर विवाद सामने आया है। करीब 100 साल पहले दान में मिली जमीन को मौजूदा महिला सरपंच द्वारा अपने बेटे और अन्य लोगों के नाम करवाए जाने के आरोप के विरोध में जमीन पर खेती करने वाले परिवारों के 10 से 15 सदस्य पानी की टंकी पर चढ़ गए। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के सामने मांग रखी है कि जब तक जमीन उनके नाम नहीं की जाती, वे टंकी से नीचे नहीं उतरेंगे।
टंकी पर चढ़े मंजीत सिंह ने बताया कि करीब 100 साल पहले उनके पूर्वजों को गांव के सरदारों ने लगभग 12 एकड़ जमीन दान में दी थी। उनका दावा है कि जमीन की गिरदावरी भी उनके परिवारों के नाम पर दर्ज है। मंजीत सिंह और अमृतपाल के मुताबिक, गांव की मौजूदा महिला सरपंच सुरिंदर कौर ने अपने बेटे गुरसेवक सिंह के माध्यम से वर्ष 2016-17 में इस जमीन को अपने नाम कराने का प्रयास किया था। उस समय परिवारों के विरोध के बाद यह प्रयास रोक दिया गया था।
मंजीत सिंह ने आरोप लगाया कि करीब छह महीने पहले महिला सरपंच सुरिंदर कौर ने रामपुरा फूल के मौजूदा आप विधायक के इशारे पर तहसीलदार, पटवारी और पंचायत सचिव के साथ मिलकर जमीन को कथित तौर पर गलत तरीके से अपने और अपने साथियों के नाम ट्रांसफर करवा लिया। इसी विवाद को लेकर जमीन पर खेती करने वाले परिवारों ने विरोध प्रदर्शन शुरू किया और पानी की टंकी पर चढ़ गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने के साथ स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। हालांकि, टंकी पर मौजूद लोग अपनी मांग पर अड़े हुए हैं। बताया गया है कि परिवार के सदस्य सोमवार सुबह पानी की टंकी पर चढ़े थे और रातभर वहीं बैठे रहे। प्रशासन के सामने अब प्रदर्शनकारियों को सुरक्षित नीचे उतारने और जमीन विवाद का समाधान करने की चुनौती है।
