Uttarakhand Strict stance on helicopter accidents, CM Dhami gave strict instructions
देहरादून – उत्तराखंड में हाल के दिनों में हुई हेलिकॉप्टर दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए सीएम पुष्कर सिंह धामी ने हेली सेवाओं के संचालन को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में हेली सेवाओं के लिए एक ठोस व सख्त स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) तैयार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने आदेश दिया कि SOP में यह सुनिश्चित किया जाए कि हर उड़ान से पहले हेलिकॉप्टर की तकनीकी स्थिति की पूरी जांच हो और मौसम की सटीक जानकारी अनिवार्य रूप से भी ली जाए।
मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को निर्देशित किया है कि तकनीकी विशेषज्ञों की एक समिति गठित की जाए, जो हेली सेवाओं की सुरक्षा व तकनीकी मानकों की गहन समीक्षा कर SOP तैयार करेगी। यह समिति यह सुनिश्चित करेगी कि प्रदेश में हेली सेवाओं का संचालन सुरक्षित, पारदर्शी और मानकों के अनुरूप हो।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि हालिया हेलिकॉप्टर दुर्घटना समेत राज्य में पूर्व में हुई सभी दुर्घटनाओं की उच्च स्तरीय जांच समिति द्वारा गहनता से जांच भी की जाएगी। यह समिति हर पहलू की बारीकी से समीक्षा कर रिपोर्ट देगी और यदि कोई व्यक्ति या संस्था दोषी पाई जाती है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की संस्तुति भी की जाएगी।
मुख्यमंत्री धामी ने यह भी कहा कि उत्तराखंड में हेलिकॉप्टर सेवाओं का विशेष महत्व भी है, खासकर तीर्थाटन, आपदा प्रबंधन और आपातकालीन सेवाओं में। इसलिए राज्य सरकार इन सेवाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता भी दे रही है।
