Claim of forming a BJP government in UP for the third time; CM Yogi says a new record will be set this time.
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार तीसरी बार बनने जा रही है। इस बार पार्टी न केवल जीत की हैट्रिक लगाएगी, बल्कि नया रिकॉर्ड भी बनाएगी। एक निजी चैनल के ‘राइजिंग भारत समिट’ में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व, भाजपा के करोड़ों समर्पित कार्यकर्ताओं की ताकत और डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां लेकर पार्टी जनता के बीच जाएगी। उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा उत्तर प्रदेश में तीसरी बार पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने में सफल होगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी दलों, विशेषकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा अपने सहयोगियों के साथ आगामी चुनाव में कानून-व्यवस्था के मुद्दे को प्रमुखता से उठाएगी। उन्होंने सपा और कांग्रेस के पिछले शासनकाल पर आरोप लगाते हुए कहा कि उस दौरान कर्फ्यू, दंगे, लूटपाट और अराजकता जैसी स्थितियां बनी रहती थीं। उनके मुताबिक, थाना, तहसील और जिलों में राजनीतिक हस्तक्षेप तथा अपराधियों का प्रभाव भी बड़ा मुद्दा रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और प्रदेश की बदली पहचान के आधार पर जनता से समर्थन मांगेगी।
योगी आदित्यनाथ ने अपने कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि वह उत्तर प्रदेश के पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने लगातार पांच साल सरकार चलाने के बाद दोबारा चुनाव जीता और फिर पांच साल तक सरकार का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि भाजपा पहले भी कई रिकॉर्ड बना चुकी है और आगामी चुनाव में भी नया रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है।
परिवारवाद और जातिवाद पर विपक्ष को घेरा
मुख्यमंत्री ने 80-20 के मुद्दे पर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि परिवारवाद, जातिवाद और विभाजनकारी राजनीति ने उत्तर प्रदेश को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के दौरान बेटियों की सुरक्षा, व्यापारियों से रंगदारी और युवाओं की नौकरियों में अनियमितताएं बड़ी समस्याएं थीं। उन्होंने कहा कि एक समय कर्फ्यू और दंगे प्रदेश की पहचान बन गए थे और समाज के विभिन्न वर्गों के सामने अपनी पहचान को लेकर संकट खड़ा हो गया था।
समाजवादी पार्टी के शासनकाल पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि उस समय राजनीति में अपराधीकरण बढ़ा और सरकारी संस्थानों पर राजनीतिक प्रभाव रहा। उन्होंने ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया’ का जिक्र करते हुए कहा कि कई थानों में अपराधियों और उनके समर्थकों का प्रभाव था। भर्ती आयोगों में भी अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि अपात्र लोगों को महत्वपूर्ण पदों पर बैठाया गया और भर्ती प्रक्रियाओं में गड़बड़ी की गई। उन्होंने दावा किया कि कई मामलों में परीक्षा दिए बिना ही लोगों को नियुक्ति पत्र तक दिए गए।
कानून-व्यवस्था और रोजगार को लेकर गिनाईं उपलब्धियां
मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था में आए बदलाव का उदाहरण देते हुए लखनऊ स्थित एचसीएल टेक कैंपस का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में इस कैंपस में करीब 100 लोग काम करते थे, जबकि अब यहां उत्तर प्रदेश के लगभग 18 हजार युवा कार्यरत हैं।
उन्होंने कहा कि कैंपस में काम करने वाली कई युवतियां बाराबंकी, सीतापुर, उन्नाव, रायबरेली और लखनऊ के अलग-अलग क्षेत्रों से आती हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक, उन्होंने युवतियों से रात की शिफ्ट और देर रात घर लौटने के दौरान सुरक्षा को लेकर सवाल किया था। इस पर युवतियों ने बताया कि वे रात दो बजे ड्यूटी खत्म होने के बाद बाइक से घर चली जाती हैं और उन्हें डर नहीं लगता। मुख्यमंत्री ने इस जवाब को प्रदेश में बदली कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा का उदाहरण बताया।
