5 youths from Rajasthan arrested for doing stunts with car on Rishikesh-Badrinath highway, Devprayag police took strict action
देवप्रयाग– ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित तोता घाटी के पास चलती कार से जानलेवा स्टंट कर रहे राजस्थान के 5 युवकों को देवप्रयाग पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार भी कर लिया। इन युवकों द्वारा की जा रही खतरनाक हरकतों से न सिर्फ उनकी खुद की जान जोखिम में थी, बल्कि अन्य यात्रियों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई थी।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात ये युवक अपनी कार की खिड़कियों से बाहर निकलकर चलते वाहन में स्टंट कर रहे थे, जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोका व सभी को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार युवकों की पहचान
गिरफ्तार युवकों की पहचान नितिन, प्रकाश, हिमांशु, बजरंग व भजनलाल के रूप में हुई है, सभी राजस्थान निवासी हैं और चपता की ओर यात्रा कर रहे थे।
थानाध्यक्ष का बयान
थानाध्यक्ष महिपाल सिंह रावत ने बताया,
“युवकों द्वारा की जा रही खतरनाक ड्राइविंग व सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने की सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई की गई। सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई की गई है।”
पुलिस की चेतावनी: स्टंट नहीं, सख्ती होगी
देवप्रयाग पुलिस ने इस घटना को उदाहरण बनाते हुए साफ संदेश दिया है कि सार्वजनिक सड़कों पर स्टंटबाजी या यातायात नियमों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। युवाओं को यह चेतावनी दी गई है कि रोमांच की तलाश में जिंदगी से खिलवाड़ करना अपराध है, व कानून तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई भी की जाएगी।
