Uttarakhand Congress Vice President Dhirendra Pratap paid tribute to film actor Manoj Kumar
उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और प्रवक्ता धीरेंद्र प्रताप ने प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता मनोज कुमार के निधन पर गहरा दुख और शोक व्यक्त किया है।
धीरेंद्र प्रताप ने मनोज कुमार को भारतीय फ़िल्म जगत के एक “बेमिसाल और शानदार अभिनेता” बताते हुए कहा कि उनके निधन से भारतीय फ़िल्म जगत का एक विशिष्ट अध्याय समाप्त हो गया है।
उन्होंने कहा कि फिल्म अभिनेता, निर्देशक और निर्माता मनोज कुमार ने राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत अनेक फिल्मों को जन्म देकर और कई फिल्मों में अभिनय करके अभिनय और फिल्म निर्माण की एक नई मिसाल पेश की थी।
धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि उनके द्वारा अभिनीत उपकार, रोटी कपड़ा और मकान, पूरब और पश्चिम जैसी कई फिल्मों ने पूरे भारत में धूम मचाई थी। उन्होंने बताया कि वह अपने विशिष्ट रोल के लिए प्रसिद्ध थे और इस कारण लोग उन्हें प्यार से “भारत कुमार” कहते थे।
धीरेंद्र प्रताप ने कहा, “आज उनके निधन से पूरा भारत शोकग्रस्त है और उत्तराखंड कांग्रेस भी शोक की इस घड़ी में उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करती है। हम उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।”
उन्होंने कहा कि उनका योगदान इतना गहरा और प्रभावशाली था कि वे वर्षों तक लोगों की स्मृति में बने रहेंगे।
