रुड़की में मोहर्रम जुलूस पर ईंट फेंकने से हंगामा, भारी पुलिस बल तैनात
रुड़की के सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित टोडा कल्याणपुर मुस्ताहकम गांव में मोहर्रम के मातमी जुलूस के दौरान एक व्यक्ति द्वारा ईंट फेंके जाने से कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति भी बन गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी भी मच गई और नारेबाजी शुरू हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे व स्थिति को तुरंत नियंत्रण में ले लिया। संवेदनशील क्षेत्र होने के कारण एहतियातन पुलिस बल तैनात भी रखा गया है।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक व्यक्ति ने कथित तौर पर शराब के नशे में जुलूस की ओर ईंट फेंकी, जिससे तनाव का माहौल भी बना। उन्होंने बताया कि समय रहते पुलिस ने स्थिति संभाल ली व फिलहाल क्षेत्र में शांति बनी हुई है।