Torchlight procession in Haridwar in support of students; demand for Education Minister's resignation.
दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार शाम हरिद्वार में सैकड़ों युवाओं ने ‘यूथ फॉर हरिद्वार’ के बैनर तले मशाल जुलूस भी निकाला। ऋषिकुल मैदान से शुरू हुआ जुलूस भगत सिंह चौक तक पहुंचा, जहां प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
जुलूस के दौरान भाजपा का झंडा लगी एक कार मौके से गुजरने पर कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति भी बन गई। हालांकि कांग्रेस नेताओं व अन्य लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत कराया गया व वाहन को सुरक्षित निकाल लिया गया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि नीट समेत कई प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक व अनियमितताओं से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। साथ ही उन्होंने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित बल प्रयोग को लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन भी बताया।
कांग्रेस नेताओं व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सरकार से परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, जिम्मेदारी तय करने व शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और भी तेज किया जाएगा।
