The portals of Badrinath Dham will close tonight at 937 PM, marking the conclusion of the Char Dham Yatra as well.
उत्तराखंड के प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम के कपाट सोमवार रात 9 बजकर 37 मिनट पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। इसके साथ ही इस वर्ष की चारधाम यात्रा का भी समापन हो जाएगा। कपाट बंद करने की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। पंच पूजाओं के चौथे दिन रविवार को माता लक्ष्मी को भगवान बदरीविशाल के मंदिर में विराजमान होने का आमंत्रण दिया गया। इस दौरान मंदिर के रावल अमरनाथ नंबूदरी ने माता लक्ष्मी मंदिर में पूजा-अर्चना कर कढ़ाई भोग अर्पित किया।
कपाट बंद होने के अवसर पर सोमवार को श्रद्धालुओं को भगवान बदरीविशाल के विशेष पुष्प श्रृंगार के दर्शन होंगे। इस दिन भगवान नारायण का स्वर्ण श्रृंगार करने के बजाय फूलों से विशेष श्रृंगार किया जाएगा। सुबह चार बजे मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। अभिषेक पूजा के बाद दिनभर श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे। दोपहर 12 बजे भगवान को भोग लगाया जाएगा और शाम सात बजे सांध्य पूजा शुरू होगी। रात साढ़े सात बजे से कपाट बंद करने की प्रक्रिया शुरू होगी।
इस दौरान रावल मंदिर में प्रवेश कर पूजा-अर्चना करेंगे और सखी वेश धारण कर माता लक्ष्मी को भगवान बदरीविशाल के गर्भगृह में विराजमान करेंगे। इसके बाद भगवान कुबेर, उद्धव और गरुड़ जी गर्भगृह से बाहर आएंगे। सभी देवताओं की आरती के बाद मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। अगले दिन भगवान की उत्सव डोली शीतकालीन पूजा स्थल के लिए रवाना होगी।
बदरीनाथ धाम में कपाट बंद करने की प्रक्रिया पांच दिन पहले पंच पूजाओं के साथ शुरू हुई थी। पहले दिन गणेश मंदिर, दूसरे दिन आदि केदारेश्वर और आदि गुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट बंद किए गए। तीसरे दिन खड़ग-पुस्तक पूजा के साथ वेद ऋचाओं का वाचन बंद हुआ, जबकि चौथे दिन माता लक्ष्मी को कढ़ाई भोग अर्पित किया गया।
इस बीच बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी भी रविवार को बदरीनाथ धाम पहुंचे। उन्होंने भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर कपाट बंद करने की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि इस यात्रा वर्ष में अब तक सवा 23 लाख से अधिक श्रद्धालु भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर चुके हैं।
