26 Non-Resident Indians (NRIs) included in Uttarakhand's electoral roll; number of women among new voters exceeds that of men
देहरादून: विदेश में रहने के बावजूद उत्तराखंड में अपने मताधिकार को लेकर प्रवासी भारतीयों की सक्रियता सामने आई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने पहली बार राज्य की मतदाता सूची में शामिल 26 प्रवासी मतदाताओं का आंकड़ा जारी किया है। इनमें सबसे अधिक आठ मतदाता देहरादून और छह पौड़ी गढ़वाल जिले से हैं। वहीं, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची में नए मतदाताओं के पंजीकरण को लेकर महिलाओं की संख्या पुरुषों से अधिक रही है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के आंकड़ों के अनुसार, उत्तराखंड की वोटर लिस्ट में शामिल 26 प्रवासी भारतीयों में ऊधमसिंह नगर के पांच, बागेश्वर के तीन, नैनीताल के दो तथा टिहरी और चंपावत के एक-एक मतदाता शामिल हैं। पहली बार कार्यालय की ओर से प्रवासी मतदाताओं की जिलेवार संख्या सार्वजनिक की गई है।
मतदाताओं की कुल संख्या के लिहाज से हरिद्वार प्रदेश का सबसे बड़ा जिला बनकर सामने आया है। यहां कुल 12,64,623 मतदाता हैं, जबकि 12,28,746 मतदाताओं के साथ देहरादून दूसरे स्थान पर है। नए मतदाताओं को जोड़ने के मामले में देहरादून सबसे आगे रहा। यहां एक महीने के विशेष अभियान के दौरान 35,883 नए मतदाता जुड़े। हरिद्वार में 19,522 नए नाम दर्ज हुए, जबकि सबसे कम 1,187 नए मतदाता रुद्रप्रयाग जिले में जुड़े।
मतदान केंद्रों के पुनर्निर्धारण के बाद प्रदेश में बूथों की संख्या 12,543 से घटकर 12,498 रह गई है। एक ही भवन में स्थित बूथों के विलय के कारण हरिद्वार में 73 मतदान केंद्र मर्ज किए गए, जिससे वहां बूथों की संख्या 1,872 से घटकर 1,802 हो गई। वहीं, पहाड़ी क्षेत्रों में मतदाताओं की सुविधा के लिए दो किलोमीटर से अधिक की पैदल दूरी कम करने के उद्देश्य से नए मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसके तहत अल्मोड़ा में 11, पौड़ी में आठ और टिहरी में सात नए बूथ बढ़ाए गए हैं। जर्जर भवनों के कारण प्रदेशभर में 134 मतदान केंद्रों के स्थान बदले गए, जबकि स्कूलों के उच्चीकरण के चलते 210 केंद्रों के नाम में बदलाव किया गया है।
चुनाव आयोग ने मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए इस्तेमाल होने वाले फॉर्म-7 को लेकर भी सख्त नियम लागू किए हैं। ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद कोई भी बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) एक दिन में 10 से अधिक फॉर्म-7 जमा नहीं कर सकेगा। वहीं, एक व्यक्ति पूरे अभियान के दौरान अधिकतम 10 आपत्तियां ही दर्ज करा पाएगा। थोक में आवेदन जमा करने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, तीन से 31 अक्टूबर तक चले विशेष अभियान में कुल 1,25,216 नए मतदाता जुड़े। इनमें 58,787 पुरुष और 66,420 महिलाएं शामिल हैं। इस तरह नए मतदाताओं के पंजीकरण में महिलाओं की संख्या पुरुषों से अधिक रही। देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर सहित प्रदेश के सभी 13 जिलों में नए नाम जुड़वाने वाली महिलाओं की संख्या पुरुषों से ज्यादा रही।
जिलेवार आंकड़ों के अनुसार, उत्तरकाशी में 2,094 नए मतदाता जुड़े और 44 नाम हटाए गए। चमोली में 4,099 नाम जुड़े और 389 हटे। रुद्रप्रयाग में 1,187 नाम जुड़े और 27 हटाए गए। टिहरी में 3,517 नए मतदाता जुड़े और 162 नाम हटे। देहरादून में 35,883 नाम जुड़े और 1,934 हटाए गए। हरिद्वार में 19,522 नाम जुड़े और 357 हटे। पौड़ी में 9,329 नाम जुड़े और 437 हटाए गए। पिथौरागढ़ में 6,789 नाम जुड़े और 546 हटे। बागेश्वर में 2,277 नाम जुड़े और 100 हटाए गए। अल्मोड़ा में 4,584 नाम जुड़े और 244 हटे। चंपावत में 2,489 नाम जुड़े और 138 हटाए गए। नैनीताल में 16,726 नाम जुड़े और 1,369 हटे, जबकि ऊधमसिंह नगर में 16,720 नए मतदाता जुड़े और 383 नाम हटाए गए।
