Chhath festival concludes with the offering of 'arghya' to the rising sun; devotees throng the riverbanks in Dehradun and Haridwar.
भोर होते ही छठी मैया के गीतों और जयकारों से देहरादून और हरिद्वार के घाट गूंज उठे। हाथों में पूजन सामग्री और डलिया लेकर व्रती अपने परिवार के साथ सुबह होने से पहले ही घाटों पर पहुंचने लगे। छठ महापर्व के अंतिम दिन नेहरू कॉलोनी स्थित मिथिला छठ घाट, ब्रह्मपुरी छठ घाट समेत विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। व्रतियों ने जल में उतरकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और उदयाचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।
करीब 36 घंटे तक निर्जला व्रत रखने वाले व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ अपना कठिन अनुष्ठान पूरा किया। इस दौरान छठी मैया के जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा। पूजा-अर्चना के बाद व्रतियों ने परिवार की सुख-शांति, संतान की लंबी आयु और सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद प्रसाद ग्रहण कर निर्जला व्रत का पारण किया।
छठ महापर्व को देखते हुए देहरादून और हरिद्वार में नदियों, जलाशयों और विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। घाटों पर साफ-सफाई और अन्य जरूरी इंतजाम किए गए। पूजा संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं को छठ का प्रसाद भी वितरित किया गया। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व का समापन पारंपरिक विधि-विधान, आस्था और श्रद्धा के साथ हुआ।
