Free coaching benefits for SCST students; family income limit increased from two lakh to eight lakh rupees.
देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के छात्र-छात्राओं को मुफ्त कोचिंग सुविधा देने के लिए परिवार की वार्षिक आय सीमा में चार गुना बढ़ोतरी की है। अब आठ लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवारों के विद्यार्थी भी निशुल्क कोचिंग योजना का लाभ उठा सकेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग ने इस संबंध में शासनादेश जारी कर दिया है।
राज्य सरकार ने एससी-एसटी वर्ग के विद्यार्थियों के लिए निशुल्क कोचिंग योजना शुरू की है। पहले इस योजना का लाभ लेने के लिए परिवार की सभी स्रोतों से वार्षिक आय दो लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए थी। आय सीमा कम होने के कारण कई परिवारों के पात्र विद्यार्थी योजना का लाभ नहीं ले पा रहे थे।
विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सरकार ने योजना की पात्रता के लिए वार्षिक आय सीमा दो लाख रुपये से बढ़ाकर आठ लाख रुपये कर दी है। समाज कल्याण विभाग के सचिव श्रीधर बाबू अद्दांकी की ओर से जारी शासनादेश में इस बदलाव की जानकारी दी गई है। नई व्यवस्था से अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के अधिक छात्र-छात्राएं मुफ्त कोचिंग सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
