Surveillance on Shahzad Bhatti's network to be stepped up; Uttarakhand ATS also to be upgraded.
सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को कट्टर बनाने के आरोपों के बीच पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने की तैयारी है। इंटेलिजेंस राज्य और जिला स्तर पर सोशल मीडिया निगरानी सेल गठित करेगी, ताकि उत्तराखंड में उसके नेटवर्क को फैलने से रोका जा सके।
इंटेलिजेंस की बैठक में अब तक सामने आए तथ्यों के आधार पर भट्टी के नेटवर्क से जुड़े मामलों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही केंद्र सरकार की राष्ट्रीय आतंकवाद विरोधी नीति और रणनीति के तहत सामने आ रही आतंकवाद की चुनौतियों से निपटने पर भी चर्चा हुई।
बैठक में राष्ट्रीय स्तर पर संचालित आतंकवाद निरोधी नीति ‘प्रहार’ को धरातल पर लागू करने के निर्देश दिए गए। बताया गया कि शहजाद भट्टी के नेटवर्क से जुड़े 253 से ज्यादा संदिग्धों को गिरफ्तार या हिरासत में लिया जा चुका है। इनमें सबसे ज्यादा लोग उत्तर प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली से हैं और ये सोशल मीडिया के जरिए भट्टी के संपर्क में आए थे।
इसके अलावा उत्तराखंड आतंकवाद रोधी दस्ते यानी ATS को पेशेवर स्तर पर अपग्रेड करने का फैसला भी लिया गया। ATS देश के बड़े राज्यों की कार्यप्रणाली और सफल अभियानों का अध्ययन करेगी, ताकि आतंकवाद के खिलाफ अपनाई गई प्रभावी कार्यशैली को उत्तराखंड में भी लागू किया जा सके।
