डिमटा बैंड में NH-707A का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त, यातायात ठप

बारिश के चलते डिमटा बैंड के पास देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग-707A का बड़ा हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सड़क टूटने से कैम्पटी-यमुना ब्रिज मार्ग पर दोनों ओर से यातायात बंद हो गया है। इससे मसूरी और यमुना घाटी के बीच आवाजाही प्रभावित हुई है।

सड़क टूटने की सूचना मिलते ही कैम्पटी पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। पुलिस ने यात्रियों और वाहन चालकों से फिलहाल मसूरी से यमुना ब्रिज और यमुना घाटी से मसूरी की ओर यात्रा न करने की अपील की है।

एनएच-707A के अधिशासी अभियंता विपुल सैनी के अनुसार, डिमटा बैंड के पास सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है। मौके का निरीक्षण कर पहाड़ की तरफ से कटिंग करके वैकल्पिक मार्ग तैयार करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि यातायात जल्द बहाल किया जा सके।

फिलहाल यात्रियों से वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने और प्रशासन की आधिकारिक सूचना का इंतजार करने की अपील की गई है।