Major police crackdown on drug smugglers in Bageshwar; two arrested with nearly 1.5 kg of charas.
बागेश्वर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को 1.472 किलोग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। कपकोट थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने आरोपियों को तस्करी में इस्तेमाल की जा रही अपाचे बाइक के साथ दबोचा। पुलिस ने मोटरसाइकिल (यूके 06 एसी 4957) को भी जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग चरस की खेप लेकर भराड़ी की ओर जाने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने पालीडुंगरा पुल के आगे आर्गेनिक जैविक उत्पाद भवन के पास घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान एक संदिग्ध अपाचे बाइक को रोककर तलाशी ली गई।
पूछताछ में बाइक चालक ने अपनी पहचान 32 वर्षीय गोविंद सिंह निवासी सुमगढ़, जबकि पीछे बैठे युवक ने अपना नाम 26 वर्षीय राजा रावत उर्फ राज रावत निवासी शामा मेन बाजार बताया। तलाशी के दौरान दोनों ने अपने बैग में चरस होने की बात स्वीकार की। पुलिस ने नियमानुसार बीईओ अजीत सिंह कर्णवाल की मौजूदगी में तलाशी ली, जिसमें दो अलग-अलग पैकेटों से कुल 1.472 किलोग्राम चरस बरामद हुई। इनमें एक पैकेट में 1.014 किलोग्राम और दूसरे में 458 ग्राम चरस मिली।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने यह चरस शामा क्षेत्र के एक अज्ञात चाय विक्रेता से खरीदी थी और इसे बेचने के लिए द्वाराहाट ले जा रहे थे। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है और चरस की आपूर्ति करने वाले व्यक्ति समेत अन्य संभावित तस्करों की तलाश की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस तस्करी से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
