Kanwar Yatra gains momentum in Haridwar; over 10 million Shiva devotees have already collected Ganga water.
हरिद्वार में कांवड़ यात्रा लगातार अपने चरम की ओर बढ़ रही है। सोमवार शाम तक लाखों शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने-अपने राज्यों की ओर रवाना हुए। मेला नियंत्रण भवन के अनुसार, सोमवार शाम छह बजे तक 32.25 लाख कांवड़ यात्री हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट चुके थे। इसके साथ ही यात्रा की शुरुआत से अब तक गंगाजल ले जाने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या 1 करोड़ 9 लाख 10 हजार पहुंच गई है।
हरकी पैड़ी, नीलधारा, भीमगोड़ा, चंडीघाट और अन्य प्रमुख घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। गंगाजल भरने के बाद कांवड़ियों का जत्था लगातार अपने गंतव्य की ओर बढ़ता रहा। बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार पंचक समाप्त होने के बाद कांवड़ यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है। मंगलवार से बड़ी संख्या में शिवभक्तों के हरिद्वार पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने सभी संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि कांवड़ मार्गों और मेला क्षेत्र की लगातार निगरानी की जा रही है। भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए यातायात व्यवस्था, सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं को पूरी तरह सक्रिय रखा गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उधर, कनखल स्थित बैरागी कैंप भी अब डाक कांवड़ यात्रियों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है। पंचक समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में डाक कांवड़िए यहां पहुंचेंगे। इसे देखते हुए पार्किंग, बैरिकेडिंग और वाहनों की आवाजाही की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
हर वर्ष की तरह इस बार भी बैरागी कैंप डाक कांवड़ यात्रियों का प्रमुख पड़ाव रहेगा। आने वाले दिनों में यहां श्रद्धालुओं, वाहनों और अस्थायी बाजारों की रौनक बढ़ने की उम्मीद है।
