Cooperative banking to expand in Uttarakhand; 34 new branches approved.
ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाओं को मजबूत बनाने की दिशा में उत्तराखंड सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में जिला सहकारी बैंकों की 34 नई शाखाएं खोलने का फैसला लिया गया है। इन शाखाओं के शुरू होने से दूरदराज के इलाकों में रहने वाले लोगों को बैंकिंग सेवाओं के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।
सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और लोगों तक वित्तीय सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से सहकारी बैंकिंग नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है। विभाग को नई शाखाओं के लिए कुल 41 प्रस्ताव प्राप्त हुए थे, जिनमें से 34 को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। सात प्रस्ताव आवश्यक मानकों पर खरे नहीं उतरने के कारण फिलहाल लंबित रखे गए हैं। हरिद्वार जिले से भेजे गए पांच प्रस्तावों में संशोधन कर उन्हें दोबारा प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वीकृत प्रस्तावों के तहत अल्मोड़ा में कुवाली, चमड़खाल और नागचुलाखाल, देहरादून में छिद्दरवाला, त्यूनी, भाऊवाला, मालदेवता और आईटी पार्क सहस्त्रधारा, जबकि पौड़ी गढ़वाल में नौठा, पौखाल और सिगड्डी में नई शाखाएं स्थापित की जाएंगी। नैनीताल जिले में ज्योलीकोट, कुसुमखेड़ा और हल्द्वानी के गैस गोदाम रोड क्षेत्र में भी नई शाखाएं खोली जाएंगी। इसके अलावा पिथौरागढ़, टिहरी, ऊधमसिंह नगर, उत्तरकाशी और चमोली जिलों में भी नई शाखाओं का विस्तार किया जाएगा।
फिलहाल प्रदेश में जिला सहकारी बैंकों की 315 शाखाएं संचालित हैं। नई शाखाएं शुरू होने के बाद बैंकिंग नेटवर्क और अधिक मजबूत होगा। इससे किसानों, महिला स्वयं सहायता समूहों, छोटे कारोबारियों और ग्रामीण उपभोक्ताओं को ऋण, बचत और अन्य वित्तीय सेवाओं का लाभ अपने क्षेत्र में ही मिल सकेगा।
डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि स्वीकृत सभी प्रस्ताव भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) को भेज दिए गए हैं। आरबीआई से मंजूरी मिलते ही नई शाखाओं का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
