देहरादून-ऋषिकेश में ईडी की बड़ी कार्रवाई, हवाला और अवैध विदेशी मुद्रा कारोबार की जांच तेज
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने हवाला लेनदेन व विदेशी मुद्रा नियमों के उल्लंघन के संदेह में देहरादून, ऋषिकेश व दिल्ली में कई विदेशी मुद्रा विनिमय संस्थानों पर छापेमारी की है। फेमा (FEMA) के तहत की गई इस कार्रवाई में ईडी ने करीब 88 लाख रुपये मूल्य की विदेशी व भारतीय मुद्रा, कई अहम दस्तावेज और डिजिटल उपकरण भी जब्त किए हैं।
ईडी के मुताबिक, लाइसेंसधारी फुल-फ्लेज्ड मनी चेंजर्स (FFMC) और उनसे जुड़ी संस्थाओं पर बिना अनिवार्य केवाईसी, दस्तावेजी प्रक्रिया व बिलिंग नियमों का पालन किए विदेशी मुद्रा का लेनदेन करने का आरोप भी है। जांच के दौरान गंगा फॉरेक्स, जेपीजेएन फाइनेंशियल सर्विसेज, अल्पाइन फॉरेक्स, जय जीन फॉरेक्स समेत कई संस्थानों व उनके संचालकों के ठिकानों पर तलाशी ली गई।
कार्रवाई में 54.58 लाख रुपये मूल्य की विदेशी मुद्रा व 33.98 लाख रुपये की भारतीय नकदी बरामद हुई है। ईडी को जांच के दौरान रिकॉर्ड में गड़बड़ी व विदेशी मुद्रा लेनदेन के दस्तावेजों में अनियमितताएं भी मिली हैं।
ईडी का कहना है कि जब्त दस्तावेजों व इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच जारी है। शुरुआती जांच में अंतरराष्ट्रीय हवाला नेटवर्क से जुड़े लेनदेन के संकेत भीं मिले हैं। मामले की विस्तृत जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।