Ganesh Godiyal attacks the state government, stating that jobs are being sold in the state and government contracts are being handed out to cronies.
देहरादून। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और सरकारी कार्यों में अनियमितताओं को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है और नौकरियां बेची जा रही हैं। साथ ही, विभिन्न सरकारी विभागों में पारदर्शी टेंडर प्रक्रिया अपनाए बिना ही अपने चहेतों को काम आवंटित किए जा रहे हैं।
गोदियाल ने श्रीनगर विधायक को भी निशाने पर लेते हुए उनकी विधायक निधि के इस्तेमाल पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विधायक ने अपने पांच साल के कार्यकाल में विधायक निधि खर्च नहीं की और अब उसी निधि से सांस्कृतिक सामग्री वितरित की जा रही है। इस पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि पांच साल तक विधायक की प्राथमिकता में केवल ढोलक और चिमटा ही शामिल रहे।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने चर्चित अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर भी प्रदेश सरकार से सवाल किए। उन्होंने कहा कि इस मामले में सरकार को जनता के सामने स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
गोदियाल ने आरोप लगाया कि प्रदेश के विभिन्न विभागों में नियमों और पारदर्शिता को दरकिनार कर चुनिंदा लोगों को सरकारी काम दिए जा रहे हैं। उन्होंने बेरोजगार युवाओं के साथ कथित धोखाधड़ी, भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं और सरकारी कार्यों के आवंटन में पारदर्शिता की कमी को लेकर सरकार को घेरा।
