A sense of heat even in November; temperature in Dehradun reaches 31.2 degrees, matching a 10-year record.
नवंबर का महीना आते ही आमतौर पर ठंड बढ़ने लगती है, लेकिन इस बार देहरादून में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। नवंबर के दूसरे सप्ताह में भी दून में सर्दी का अहसास नहीं हो रहा है। दिन में तेज धूप के चलते तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है।
मंगलवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक है। खास बात यह है कि करीब 10 साल बाद नवंबर में तापमान इस स्तर पर पहुंचा है। इससे पहले 2 नवंबर 2016 को भी अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। आमतौर पर नवंबर की शुरुआत से रातें ठंडी होने लगती हैं, लेकिन इस बार न्यूनतम तापमान में अपेक्षित गिरावट नहीं आई है। यही वजह है कि सुबह और शाम भी ठंड का असर कम महसूस हो रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, 11 नवंबर को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है, लेकिन मैदानी क्षेत्रों के तापमान पर इसका खास असर पड़ने की संभावना नहीं है।
बदल रहा मौसम का पैटर्न, देर से बढ़ रही ठंड
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में मौसम के पारंपरिक पैटर्न में बदलाव देखने को मिल रहा है। पहले मानसून की विदाई के बाद अक्टूबर से ही तापमान गिरने लगता था और नवंबर तक ठंड बढ़ जाती थी। लेकिन अब लंबे समय तक मौसम शुष्क रहने और आसमान साफ रहने से दिन का तापमान सामान्य से अधिक बना रहता है।
जलवायु परिवर्तन, पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता और बारिश-बर्फबारी के समय में बदलाव भी तापमान को प्रभावित कर रहे हैं। कहीं कम समय में अत्यधिक बारिश हो रही है तो कहीं लंबे समय तक शुष्क मौसम बना रह रहा है।
बारिश और बर्फबारी से बढ़ेगी ठंड
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी होने के बाद मैदानी इलाकों में भी तापमान गिरता है। लेकिन पश्चिमी विक्षोभ कमजोर रहने और बारिश नहीं होने से ठंड बढ़ने की रफ्तार धीमी पड़ सकती है। आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता, पहाड़ों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में हवा की दिशा से तापमान में बदलाव देखने को मिल सकता है।
