Suryakant Dhasmana’s statement on the Jenny episode Congress stands with Harak Singh Rawat
23 साल पुराने जेनी प्रकरण को लेकर उत्तराखंड की सियासत में बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इसी बीच कांग्रेस नेता सूर्यकांत धस्माना ने डॉ. हरक सिंह रावत का समर्थन करते हुए कहा कि कांग्रेस पूरी तरह उनके साथ खड़ी है। उन्होंने दावा किया कि यह मामला भाजपा पर बैकफायर करेगा।
धस्माना ने कहा कि जेनी प्रकरण वर्ष 2003 का है और इसकी सीबीआई से गहन जांच हो चुकी है। उस समय केंद्र में भाजपा की सरकार थी। अदालत में चले मुकदमे और डीएनए जांच की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद सीबीआई ने क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की थी और हरक सिंह रावत को क्लीन चिट मिली थी।
उन्होंने भाजपा पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब 2016 में हरक सिंह रावत को पार्टी में शामिल किया गया और 2017 में कैबिनेट मंत्री बनाया गया, तब भाजपा को यह मामला याद क्यों नहीं आया। धस्माना ने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी हत्याकांड से ध्यान भटकाने के लिए इस पुराने प्रकरण को फिर से उठाया जा रहा है।
प्रदेश के मौजूदा हालात पर उन्होंने बेरोजगारी, पेपर लीक, कानून व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा।
सीएम धामी से अच्छे रिश्ते, अच्छे काम पर देता हूं बधाई
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ अपने संबंधों पर धस्माना ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन उनके मुख्यमंत्री से अच्छे व्यक्तिगत रिश्ते हैं। सरकार जब भी कोई जनहित का अच्छा काम करती है तो वह खुद फोन कर मुख्यमंत्री को बधाई देते हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति में संवाद बंद नहीं होना चाहिए।
बहुगुणा परिवार से रिश्ते बरकरार, सिद्धांतों से समझौता नहीं
2016 की राजनीतिक बगावत का जिक्र करते हुए धस्माना ने कहा कि वह स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा के शिष्य रहे हैं और धर्मनिरपेक्षता उनके सिद्धांतों का हिस्सा है। 17 मार्च 2016 को विजय बहुगुणा की बगावत के दौरान उन्होंने उन्हें समझाने की कोशिश की थी। उन्होंने कहा कि बहुगुणा परिवार से आज भी उनके पारिवारिक रिश्ते अच्छे हैं, लेकिन वैचारिक स्तर पर उन्होंने कभी भाजपा से हाथ नहीं मिलाया।
