19 अगस्त से फिर शुरू होगी मदमहेश्वर धाम यात्रा, ट्रॉली संचालन के समय में हुआ बदलाव
रुद्रप्रयाग: जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अस्थायी रूप से स्थगित की गई मदमहेश्वर धाम यात्रा अब 19 अगस्त से दोबारा शुरू होगी। हालांकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए ट्रॉली संचालन के समय में बदलाव किया गया है।
कांवड़ यात्रा के दौरान अत्यधिक भीड़ के चलते 7 अगस्त को मदमहेश्वर यात्रा पर अस्थायी रोक लगाई गई थी। अब जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने वह आदेश निरस्त कर दिया है। उपजिलाधिकारी ऊखीमठ की जांच रिपोर्ट और पुलिस, लोक निर्माण विभाग, तहसील प्रशासन तथा जिला आपदा प्रबंधन विभाग की रिपोर्ट के आधार पर यात्रा फिर से संचालित करने का फैसला लिया गया है।
नई व्यवस्था के तहत ट्रॉली सुबह 6:30 से 9 बजे, 10:30 से दोपहर 1 बजे और दोपहर 2:30 से शाम 6 बजे तक चलेगी। सुबह 9 से 10:30 बजे और दोपहर 1 से 2:30 बजे तक ट्रॉली संचालन बंद रहेगा।
यात्रा मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सहायता के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। वहीं किसी भी आपदा की स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और खोज-बचाव दल भी तैनात रहेंगे।