मेरठ में बेटी ने प्रेमी संग मिलकर मां की हत्या की
उत्तर प्रदेश के मेरठ से सनसनीखेज मामला सामने आया है। कंकरखेड़ा निवासी 40 वर्षीय कविता की उसकी बेटी उन्नति ने अपने प्रेमी आकाश चौहान के साथ मिलकर हत्या कर दी। आरोप है कि दोनों ने कार में ले जाकर चाकू से कविता का गला रेत दिया और शव को बोरी में रखकर मंगलौर के पास गंगनहर किनारे फेंक दिया।
18 अगस्त को मंगलौर पुलिस को गंगनहर किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिला था। गले पर चाकू के गहरे निशान होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। महिला की पहचान कविता के रूप में हुई। पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे 200 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध कार नजर आई। इसी सुराग के आधार पर पुलिस उन्नति और आकाश तक पहुंची।
पुलिस के मुताबिक, उन्नति और आकाश के बीच प्रेम संबंध था और कविता इस रिश्ते का विरोध करती थी। 17 अगस्त को उन्नति ने अपने पिता से कहा था कि वह मां को बरेली स्थित मनोनाधाम दर्शन कराने ले जा रही है। इसी दौरान दोनों ने वारदात को अंजाम दिया।
आरोप है कि आकाश कार चला रहा था, जबकि उन्नति अपनी मां के साथ पीछे बैठी थी। रास्ते में कविता को नींद आ गई, जिसके बाद उन्नति ने चाकू से उसकी गर्दन पर हमला कर दिया। इसके बाद दोनों ने शव को कार की डिग्गी में रखा और मंगलौर पुल के पास सुनसान जगह पर गंगनहर में फेंक दिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को लक्सर रोड से गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल कार और चाकू बरामद किया गया है। बताया गया है कि उन्नति और आकाश दिल्ली में नर्सिंग की पढ़ाई कर रहे थे और कुछ समय पहले आकाश ने कविता से उन्नति से शादी करने की बात भी कही थी, लेकिन कविता इसके लिए तैयार नहीं थी। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।