Controversy over the Shri Nanda Lok Jaat Yatra schedule resolved; Kurud priests grant approval.
हर वर्ष होने वाली श्रीनंदा लोक जात यात्रा के कार्यक्रम को लेकर चल रहा विवाद अब खत्म होता नजर आ रहा है। श्रीनंदा राजराजेश्वरी केंद्रीय समिति बधाण के अनुसार 5 अगस्त को जारी किए गए लोक जात यात्रा के कार्यक्रम को कुरूड़ के नंदा पुजारियों और मंदिर समिति का समर्थन मिल गया है। इसके साथ ही अब लोक जात यात्रा अपनी परंपरा के अनुसार आयोजित होने का रास्ता साफ हो गया है।
दरअसल, 5 अगस्त को देवराड़ा मंदिर से मंदिर समिति और श्रीनंदा राजराजेश्वरी केंद्रीय समिति बधाण ने लोक जात यात्रा का कार्यक्रम जारी किया था। लोक जात की परंपरा में पहली बार कार्यक्रम देवराड़ा से जारी होने के बाद इसे लेकर सवाल उठने लगे थे, क्योंकि इससे पहले हर बार कार्यक्रम सिद्धपीठ नंदा देवी मंदिर कुरूड़ से जारी किया जाता था।
केंद्रीय समिति के अध्यक्ष सुशील रावत ने बताया कि रविवार को कुरूड़ में गौड़ पुजारियों और मंदिर समिति की बैठक हुई। बैठक में देवराड़ा से जारी कार्यक्रम को सही ठहराते हुए पुजारियों और मंदिर समिति ने इसका समर्थन किया। तय कार्यक्रम के अनुसार लोक जात यात्रा 5 सितंबर से शुरू होगी और वेदनी से वापस लौटते हुए 25 सितंबर को देवराड़ा में इसका समापन होगा।
गौड़ पुजारियों के समर्थन के बाद वाण गांव में भी खुशी का माहौल है। लाटू देवता मंदिर में ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए कहा कि पुजारियों ने लोक परंपराओं और संस्कृति के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इस दौरान नंदा और लाटू देवता के जयकारे भी लगाए गए।
केंद्रीय समिति बधाण के अध्यक्ष सुशील रावत ने कहा कि कार्यक्रम जारी करने को लेकर उन्हें अभी तक किसी तरह का नोटिस नहीं मिला है। नोटिस मिलने पर उसका जवाब दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि 5 अगस्त को कई स्थानों पर सड़कें बंद होने के कारण देवराड़ा से कार्यक्रम जारी किया गया था और इसमें गौड़ पुजारियों के निर्देशों का पूरी तरह पालन किया गया।
कर्णप्रयाग में श्रीनंदा देवी राजजात की परंपरा और आयोजन को लेकर अलग-अलग समितियों के बीच चल रहे विवाद के बीच कुरूड़ से लोक जात को मिला समर्थन अहम माना जा रहा है। राजजात, बड़ी जात और लोक जात के आयोजनों में कुरूड़ और बधाण क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। वाण और बधाण पहले ही लोक जात के साथ-साथ वर्ष 2027 में प्रस्तावित राजजात के समर्थन में हैं। ऐसे में कुरूड़ का समर्थन मिलने के बाद विवाद के खत्म होने की उम्मीद बढ़ गई है।
