Kanwar Mela concludes; pilgrims leave behind 7,000 metric tonnes of garbage in Haridwar.
12 दिन तक चले कांवड़ मेले के बाद हरिद्वार में करीब 7 हजार मीट्रिक टन कूड़ा जमा हो गया है। 4.80 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं की आवाजाही के दौरान सामान्य दिनों के मुकाबले कई गुना ज्यादा कचरा निकला। डाक कांवड़ के सिर्फ दो दिनों में ही शहर में करीब 1700 मीट्रिक टन कूड़ा फैला। अब पूरे जिले की सफाई के लिए प्रशासन ने सात दिवसीय विशेष अभियान शुरू किया है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अगुवाई में बुधवार से अभियान शुरू हुआ। पहले दिन नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों ने अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया। जिलाधिकारी ने आमजन, स्वयंसेवी संगठनों, व्यापार मंडलों और जनप्रतिनिधियों से भी अभियान में भागीदारी की अपील की।
हरिद्वार के विष्णु घाट पर आईटीसी मिशन सुनहरा कल, श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम और नगर निगम ने संयुक्त रूप से गंगा स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान घाटों से कूड़ा एकत्र करने के साथ धुलाई और सफाई भी की गई। लोगों को प्लास्टिक और कचरा गंगा में न डालने तथा निर्धारित स्थान पर ही कचरा डालने के लिए जागरूक किया गया।
पहले दिन अभियान के दौरान 92 कूड़ा बैग कचरा एकत्र कर वैज्ञानिक निस्तारण के लिए नगर निगम को सौंपा गया। वहीं, बाबा बंसी वाले अन्नपूर्णा आश्रम समिति ने भी पंत दीप पूर्वी घाट पर सफाई अभियान चलाकर घाट की साफ-सफाई की।
