नंदानगर में कार खाई में गिरी, सेना के जवान की मौत
चमोली जिले के विकासखंड नंदानगर के घुमकी क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कार के खाई में गिरने से सेना के जवान संदीप की मौत हो गई। मृतक संदीप कुरूड़ गांव निवासी थे और करीब आठ वर्षों से सेना में सेवा दे रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, संदीप छुट्टी पर अपने गांव आए हुए थे। बुधवार देर शाम वह कार से लुन्तरा की ओर गए थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे। इसके बाद उनके भाई पवन ने उन्हें लुणतरा-चरबंग क्षेत्र में तलाश किया, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला।
गुरुवार सुबह लुन्तरा के घुघटी नामक स्थान पर ग्रामीणों को खाई में एक कार दिखाई दी। सूचना मिलने पर पुलिस, SDRF और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान चलाकर संदीप का शव खाई से बाहर निकाला।
पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए गोपेश्वर भेज दिया है। बताया गया है कि संदीप की शादी करीब तीन वर्ष पहले हुई थी और उनका एक साल का बच्चा भी है। हादसे की खबर से कुरूड़ गांव में शोक की लहर है।