Gorkhali Sabha Dehradun has launched a relief campaign to help disaster victims in Nepal.
नेपाल में आई भीषण आपदा के बाद प्रभावित लोगों की मदद के लिए गोरखाली सभा देहरादून ने राहत अभियान शुरू किया है। केंद्रीय अध्यक्ष पदम सिंह थापा की अध्यक्षता में उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों से आए प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में आपदा प्रभावित लोगों को आर्थिक सहायता और जरूरी राहत सामग्री उपलब्ध कराने का फैसला लिया गया।
सभा ने लोगों से पुराने कपड़े और अन्य सामान भारत से नेपाल भेजने के बजाय आर्थिक सहयोग करने की अपील की है। इसके लिए लोगों ने सभा के बैंक खाते और यूपीआई के जरिए योगदान देना शुरू किया है। पदम सिंह थापा ने बताया कि भारत से सामान भेजने में परिवहन लागत अधिक आती है। ऐसे में जुटाई गई राशि से काठमांडू में थोक दरों पर जरूरी सामान खरीदा जाएगा और उसे सीधे प्रभावित समुदायों तक पहुंचाया जाएगा।
गोरखाली सभा स्थानीय संस्थाओं, छात्र संगठनों और सामुदायिक नेताओं के संपर्क में भी है, ताकि राहत सामग्री और सहायता वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचाई जा सके। थापा के मुताबिक, आपदा में कई स्कूलों को भारी नुकसान पहुंचा है और कुछ बच्चों ने अपने माता-पिता को खो दिया है। ऐसे बच्चों की मदद के लिए स्कूल बैग, किताबें, कपड़े और जूते-चप्पल उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है।
इसके अलावा जिन परिवारों के घर आपदा में पूरी तरह या गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें इंडक्शन कुकर, सोलर स्टोव, केतली, गैस से जुड़े उपकरण और अन्य जरूरी घरेलू सामान उपलब्ध कराने की भी योजना है। राहत सामग्री में महिलाओं के लिए सैनिटरी उत्पाद और पोषण संबंधी जरूरी सामान भी शामिल किया जाएगा।
