Two more arrested, including a Bajrang Dal worker, in the Patel Nagar robbery case
देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में प्लॉट के सौदे के लिए ले जाए जा रहे 14 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें बजरंग दल कार्यकर्ता सिद्धांत बडोनी और दीपक सिंह शेखावत शामिल हैं। दोनों को रुद्रप्रयाग के गुप्तकाशी से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से लूट की रकम के 82 हजार रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, सात नवंबर को राजेश कुमार सोनी अपने साथियों के साथ प्लॉट के सौदे के लिए 14 लाख रुपये लेकर जा रहे थे। इसी दौरान इंद्रेश अस्पताल के पास कुछ युवकों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने मारपीट कर रुपयों से भरा बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए। राजेश की शिकायत पर पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले के खुलासे के लिए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने नौ नवंबर को सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी, जसमीत सिंह और शक्ति सिंह को गिरफ्तार कर 1.50 लाख रुपये बरामद किए थे। इसके बाद 10 नवंबर को कर्ण यादव और सोहेल अख्तर उर्फ साहिल उर्फ सल्लू को गिरफ्तार किया गया।
वहीं, फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस ने सर्विलांस की मदद से सिद्धांत बडोनी (24) निवासी खुड़बुड़ा मोहल्ला और दीपक सिंह शेखावत (25) निवासी एमडीडीए कॉलोनी, लक्ष्मण चौक को गुप्तकाशी से गिरफ्तार किया। सिद्धांत के पास से 40 हजार और दीपक के पास से 42 हजार रुपये बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में अब तक सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और कुल 3.02 लाख रुपये बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
